अंबाला सिटी। डेंगू के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। शनिवार को भी जिले में आठ मामलों की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में डेंगू के कारण बीमार होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 225 पहुंच गई है। डेंगू के नए मामले मिलने के साथ ही प्लेट्लेट्स की मांग भी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। अधिकतर इसमें ओ नेगेटिव सहित अन्य नेगेटिव ब्लड ग्रुप वाले मरीज शामिल हैं। जिन्हें प्लेट्लेट्स की बहुत अधिक आवश्यकता पड़ रही है। यह प्लेट्लेट्स की मांग पूरी करना रक्तसेवक सोसायटी के लिए भी पूरा कर पाना मुश्किल हो रहा है। कई तरह के प्रयास के बाद रक्तदानी मिल पा रहे हैं। इस दौरान जो रक्तसेवक अपने प्लेट्लेट्स दे रहे हैं। वह अगले एक माह व तीन माह के लिए रक्त व प्लेट्लेट्स नहीं दे सकते हैं।
लगातार बढ़ रही है टेस्टिंग
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू के लक्षण वाले मरीजों की टेस्टिंग लगातार की जा रही है। इससे कि मरीजों में डेंगू की पुष्टि जल्द से जल्द हो सके। इसके साथ ही उनका सही उपचार भी हो। इसके अलावा पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग के पास आई करीब 6 हजार रेपिड टेस्टिंग किट का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। जो कि काफी हद तक स्वास्थ्य विभाग के लिए सहयोगी साबित हो रहा है। इस दौरान जिन भी मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो रही है। उनके सैंपल को एलाइजा टेस्ट के लिए भी भेजा जा रहा है। इससे कि स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सके।
प्लेट्लेट्स की मांग बढ़ रही है, परंतु डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वह बहुत अधिक जरूरत होने पर ही प्लेट्लेट्स चढ़ाने का कार्य करें।
- कुलदीप सिंह, सीएमओ, अंबाला।