अंबाला। आईटीआई में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब विभाग ने आनलाइन आवेदन करने की तारीख 22 सितंबर से बढ़ाकर 28 सितंबर कर दी है। ऐसे में अब आवेदन करने के लिए करीब एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मिल गया है। उधर शहर राजकीय आईटीआई में 1132 सीटों पर अब तक 1910 आनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। हालांकि ज्यादातर विद्यार्थियों ने 3 से ज्यादा आनलाइन आवेदन किए हैं। इसीलिए कुल आवेदन की संख्या 6500 के पार हो चुकी है। इलेक्ट्रिीशियन की 20 सीटों पर 1235, फिटर के लिए 920, कंप्यूटर आपरेटर असिस्टेंट 720, मेकेनिक मोटर व्हीकल 715 आवेदन आ चुके थे। वहीं शहजादपुर की भारंगपुर राजकीय आईटीआई में करीब 585 आवेदन आ चुके हैं।
कुल आवेदन 1910
सामान्य वर्ग 395
एससी/एसटी 700
बीसी-ए 477
बीसी--बी 320
ईएसडब्ल्यू 17
पीएच 01
हरियाणा रिहायशी व आय प्रमाण पत्र की शर्त का हटाया
दूसरी राहत की खबर यह भी है कि अब विभाग ने हरियाणा से 10वीं और 8वीं पास करने वाले विद्यार्थियों के लिए आवेदन करते हुए हरियाणा डोमिसाइल और आय प्रमाण पत्र लगाने की शर्त को हटा दिया गया है। दरअसल कोरोना के चलते तहसील व नगर निगम कार्यालय बंद चल रहे हैं इसीलिए आय प्रमाण पत्र और रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने में विद्यार्थियों को दिक्कतें आ रही थी। इसी से राहत दिलाने के लिए यह कदम उठाया गया। इससे आवेदनों की संख्या में तेजी आना तय है।
आज भी खुला रहेगा संस्थान
शहर राजकीय आईटीआई में आवेदनकर्ताओं की मदद के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। शनिवार की छुट्टी के बावजूद हेल्प डेस्क ने सेवाएं दी। रविवार को भी यह सेवाएं जारी रहेंगी।
सरकार ने रिहायशी प्रमाण पत्र के साथ इनकम सर्टिफिकेट की अनिवार्यता को दाखिला प्रक्रिया से हटा दिया है क्योंकि इन्हें बनवाने में कोरोना के चलते दिक्कतें आ रही थी। साथ ही अब दाखिले के लिए आवेदन की तारीख 28 सितंबर कर दी गई है।
-भूपेंद्र सिंह सांगवान, प्रिंसिपल राजकीय आईटीआई अंबाला शहर।
शहर राजकीय आईटीआई।- फोटो : Ambala