अंबाला। मिशन आईटीआई एडमिशन की कड़ी में ऑन स्पॉट दाखिले के तीसरे दिन शनिवार को कुल 131 सीटें पर दाखिले हो सके। इस तरह अब ऑन स्पॉट दाखिला प्रक्रिया खत्म हो गई है लेकिन अभी भी जिले की आठों राजकीय आईटीआई में करीब 665 सीटें रिक्त हैं। इनमें सबसे ज्यादा करीब 44 फीसदी सीटें शहर की राजकीय महिला आईटीआई में खाली हैं यहां कुल 520 सीटें अलाट की गई थी इनमें से अभी 291 पर ही दाखिले हो सके हैं।
अंबाला जिले की सबसे बड़ी राजकीय आईटीआई अंबाला शहर की बात करें तो यहां 1112 में से 932 सीटों पर दाखिले हो गए हैं। इस तरह यहां भी करीब 16 प्रतिशत सीटें खाली हैं। छावनी की मूलचंद राजकीय आईटीआई में 264 में से 253 सीटें भर गई हैं और करीब 4 प्रतिशत सीटें ही खाली हैं। बराड़ा राजकीय आईटीआई में करीब 12 और हसनपुर में करीब 37.5, नोहनी राजकीय आईटीआई में करीब 45 और नारायणगढ़ महिला आईटीआई में करीब 38 प्रतिशत सीटें रिक्त रह गई हैं। शनिवार को किसी भी श्रेणी में पास आउट विद्यार्थियों को दाखिले के लिए आमंत्रित किया गया था इसीलिए अंबाला शहर आईटीआई में सर्वाधिक 43, मूलचंद राजकीय आईटीआई में 16, भारांपुर में 22, बराड़ा में 19, हसनपुर में 03, शहर महिला आईटीआई में 20 और नारायणगढ़ महिला आईटीआई में 5 सीटों पर दाखिला हुआ।
आईटीआई में खाली सीटों की स्थिति
खाली सीट आईटीआई का नाम
180 ब्वॉय राजकीय आईटीआई शहर
64 बराड़ा राजकीय आईटीआई
129 भारांपुर राजकीय आईटीआई
09 हसनपुर राजकीय आईटीआई
20 नोहनी राजकीय आईटीआई
229 शहर राजकीय महिला आईटीआई
23 नारायणगढ़ महिला राजकीय आईटीआई
11 मूलचंद राजकीय आईटीआई
अब दाखिले होंगे या नहीं होंगे इस बारे में अंतिम निर्णय विभाग का होगा। अभी तक इस बारे में हमें कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। करीब 665 सीटें जिले की सभी राजकीय आईटीआई में रिक्त रह गई हैं। प्राइवेट आईटीआई में भी अभी तक करीब 25 से 30 प्रतिशत सीटें ही भर पाई हैं।
-भूपेंद्र सिंह सांगवान, नोडल अधिकारी आईटीआई अंबाला।