अंबाला। जिले में मंगलवार को 10 से अधिक स्थानों पर दशहरा पर रावण दहन किया गया। अंबाला में सबसे बड़ा रावण का दहन मुलाना में रहा। यहां पर 70 फीट का रावण दहन किया गया। इसके बाद छावनी स्थित तोपखाना में चारों दिशाओं में घूमने वाले रावण ने लोगों में रोमांच भर दिया। वहीं अंबाला शहर में भी महिलाओं ने विशेष तौर पर विजयदशमी का पर्व मनाया। खास बात यह रही कि सभी रावण दहन के कार्यक्रमों में लोगों ने अहंकार के अंत को आखिरी तक देखा। पहले अहंकार जला फिर धरासाई हो गया। ऐसे में सीख मिली कि अहंकार कितना भी बड़ा क्यों न हो, कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो आखिरकार एक दिन जमींदोज हो जाता है।
श्री रामलीला कमेटी अनाज मंडी छावनी ने गांधी मैदान में दशहरा उत्सव के दौरान 65 फीट रावण, 60 फीट कुंभकर्ण और 55 फीट मेघनाद के पुतलों का दहन किया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज पहुंचे। उन्होंने आयोजन समिति को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। इस दौरान पंचक लगने के कारण रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के 18 पुतलों का दहन किया। इस दौरान सबसे पहले छावनी की अनाज मंडी से श्रीराम, लक्ष्म, हनुमान तथा अपनी वानर सेना के साथ छावनी के दाल बाजार, गुड़ बाजार, सदर बाजार, राय मार्केट से होते हुए गांधी मैदान में पहुंचे। इसके बाद उत्तर प्रदेश जिला मेरठ सरदना निवासी वकील अहमद ने शानदार आतिशबाजी दिखाई। जहां पर श्याम नगर से रॉयल क्लब के कलाकरों ने श्रीराम व रावण युद्ध का संचालन किया गया। इस दौरान प्रधान सुभाष गोयल सहित अन्य कार्यकारिणी उपस्थित रही।
बराडा का दशहरा महोत्सव देखने स्विट्जरलैंड से भी विदेशी पर्यटक पहुंचे। स्विट्जरलैंड निवासी मिलॉस वनर, सुजाना वनेर गुडियन तेजीन्दर, डॉ सुखदीप कौर और गुरध्यान सिंह ने बताया कि वह इंटरनेट पर बराड़ा के रावण दहन और दशहरा महोत्सव को देखते थे। इसलिए वह बराड़ा में रावण दहन देखने पहुंचे। आयोजक कमेटी की तरफ से स्विट्जरलैंड से पहुंचे इन विदेशी पर्यटकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सिटी के श्री महाकाली मां दुखभंजनी मंदिर के ग्राउंड में विजयदशमी का कार्यक्रम लगातार दूसरी बार अग्रवाल वैश्य समाज महिला विंग के तत्वावधान में आयोजित किया गया। प्रधान अनीता सिंह ने बताया कि 60 फीट का रावण, मेघनाद का 45 फीट व कुंभकर्ण का पुतला 50 फीट ऊंचा बनाया गया। जिन्हें विधिवत दहन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची नगर निगम मेयर शक्तिरानी शर्मा का समाज की प्रधान अनीता सिंगला व समाजसेवी सदस्य सोनिका जैन, सपना गर्ग, पायल गर्ग आदि ने स्वागत किया। प्रधान अनीता सिंगला ने बताया कि विजयदशमी के इस भव्य कार्यक्रम से पूर्व सिटी के पुरानी अनाज मंडी से एक विशाल शोभायात्रा प्रारंभ की गई थी, जोकि शहर विभिन्न बाजारों से होते हुए श्री मां महाकाली दुखभंजनी मंदिर दशहरा ग्राउंड पहुंची। जहां पर उनके स्वागत में एक भव्य आतिशबाजी की गई थी। इस दौरान दिल्ली से संदीप नटखट आर्ट ग्रुप व अंबाला से विजय कुमार सुप्रसिद्ध कलाकारों ने भगवान श्रीराम चंद्र जी के भजनों का गुणगान किया।