अंबाला। जिस कश्मीर में पहले आतंकवादियों की गोलियाें की आवाज सुनाई देती थी, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बदौलत वहां रात में मैच देखते हुए कश्मीरियों की तालियां गूंजती हैं। प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर वहां खुशियां फैलाई हैं और कश्मीरियों को गले से लगाया है।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज रविवार को प्रात: अंबाला छावनी के सदर बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 125वें एपिसोड को सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लगाकर गलती की थी, इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हटाकर खत्म किया। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। मन की बात एपिसोड में इसका जिक्र करके उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया है।
प्रधानमंत्री सुख-दुख के साथी : कैबिनेट मंत्री विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री है जो लगातार लोगों के सुख-दुख के साथी बने रहते हैं, वो हर महीने देश की उपलब्धियों और किस-किस क्षेत्र में देश ने प्रगति की है, उससे देश का साक्षात्कार कराते हैं। संवाद