अंबाला सिटी। नगर निगम में वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक शुक्रवार शाम को हुई। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा करने के बाद मोहर लगी। सबसे अहम शहर के प्रत्येक वार्ड को सड़कों के लिए 75-75 लाख रुपये मिलेंगे जबकि मरम्मत कार्य के लिए 25-25 लाख की राशि प्रत्येक वार्ड को दी जाएगी।
वहीं, मेयर शैलजा सचदेवा ने इस बार हाउस की बैठक शहर में न करके निगम के किसी गांव में रखने की इच्छा जताई है। अगर ग्रामीण क्षेत्र में बैठक होती है तो यह डंगडेहरी गांव में हो सकती है। नगर निगम की यह हाउस बैठक अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में संभावित है। इसको लेकर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है।
बैठक में सड़कों को बनाने, मरम्मत कार्य सहित अन्य कई प्रस्ताव पर मोहर लगी। इसके साथ ही शहर में अटके विकास कार्यों को भी पूरा करने के लिए चर्चा हुई।
वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक की चेयरमैन मेयर शैलजा सचदेवा हैं। समिति में उप चेयरमैन डिप्टी मेयर राजेश मेहता, सीनियर डिप्टी मेयर मीना ढींगरा सदस्य, पार्षद हितेश जैन व राजिंद्र कौर सदस्य हैं।
वार्ड में विकास कार्य नहीं हुए, 2023 में पास हुई सड़क भी नहीं बनी : पार्षद राजिंद्र
वार्ड-11 की पार्षद राजिंद्र कौर ने बताया कि यह वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक थी। उन्होंने भी अपने वार्ड से जुड़े कई कार्य बैठक में रखे। उन्होंने बैठक में मांग उठाई कि रामदास नगर, लिहारसा, महावीर नगर के तालाब की चारदीवारी की जाए। वार्ड में बांके बिहारी से लेकर उत्तम सिंह के घर तक 2023 में गली पास हुई थी। यह गली अभी तक नहीं बनी। इसे बनाया जाए। बड़ी घेल गांव में मनोरंजन रूम बनाया जाना है। 2023 में पास होने के बाद भी अभी तक नहीं बना।
इसके साथ ही रामदास नगर में आंबेडकर चौक नहीं बनाया जा रहा। यह वित्त समिति की बैठक में भी पास हो चुका है। कालू माजरा रोड पर सामुदायिक भवन बनाने के लिए कहा गया था। निगम की ओर से अभी तक बजट पास नहीं किया गया।
13 माह बाद हुई वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक
बता दें कि शहर के विकास कार्यों पर 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, निगम की ओर से करीब 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का सालाना बजट तैयार किया गया है। इस बजट पर भी समिति की ओर से चर्चा की गई।
वर्जन
यह वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक थी। इस बैठक में वित्त से जुड़े मुद्दे रखे गए। उन पर चर्चा की गई। बैठक में किन-किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसके बारे में अभी कुछ नहीं बता सकेंगे। इस बारे में हाउस की बैठक के बाद ही बता सकेंगे।
शैलजा सचदेवा, मेयर, नगर निगम।