अंबाला। छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 1-ए से पकड़े गए नशा तस्कर भीलवाड़ा निवासी शंकर लाल दरोगा को शुक्रवार कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दस्तावेज देखने के बाद आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया है ताकि अन्य सहयोगियों की धरपकड़ हो सके। जीआरपी प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के लिंक पंजाब में जुड़े हुए हैं। इसलिए टीम शनिवार को आरोपी के साथ पंजाब जाएगी और उसके बताए ठिकानों पर दबिश देगी। आरोपी को शुक्रवार शाम प्लेटफार्म 1-ए से पकड़ा गया था। आरोपी के कब्जे से 458 ग्राम अफीम जब्त की गई थी। आरोपी राजस्थान से अफीम लेकर पंजाब में सप्लाई देने जा रहा था।