अंबाला। अंबाला पुलिस ने नशे पर लगाम कसते हुए पांच करोड़ की हेरोइन के साथ नशा तस्कर को काबू किया। आरोपी की पहचान अंबाला कैंट के जली मिल निवासी दिशांत कुमार उर्फ डीके के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक किलो हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 5 करोड़ है। कोर्ट में पेश कर आरोपी का पांच दिन का रिमांड हासिल किया गया।
पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से पता लगाया जाएगा कि आखिर वह नशा कहां से लाते थे और किस-किस को सप्लाई करते थे। बताया कि अंबाला कैंट थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दिशांत कुमार उर्फ डीके जगाधरी रोड स्थित कब्रिस्तान के पास आई-20 गाड़ी में भारी मात्रा में हेरोइन लेकर आ रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 1 किलो हेरोइन बरामद की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी दिल्ली से हेरोइन खरीदकर अंबाला में अलग-अलग जगह सप्लाई करता था। जांच में पाया गया कि अपराधी पर पहले कोई मामला दर्ज नहीं है। पुलिस ने बताया कि वहीं एसपी ने बताया कि इस साल में एनडीपीएस एक्ट के तहत 112 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 29 मामले कॉमर्शियल मात्रा के हैं। 199 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।