अंबाला सिटी। शहर में पेयजल संकट गहरा रहा है। बाढ़ के कारण पंजाब व हरियाणा के अंबाला क्षेत्र में नहर कई जगहों से टूट गई है। अब सिंचाई विभाग नहर को रिपेयर करने के लिए लगा हुआ है, मगर सबसे बड़ी दिक्कत मिट्टी न मिलने की आ रही है। दूसरी ओर, खपत ज्यादा होने से जनस्वास्थ्य विभाग के पास एक से दो दिन का पानी ही रह गया है।
वहीं शहर के लोगों को लगातार पानी का कम इस्तेमाल करने की भी अपील की जा रही है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उम्मीद है कि सोमवार शाम तक पीने का पानी नहर से मिल सकता है। हालांकि मलौर हेड पर प्राथमिकता से रिपेयर का कार्य किया जा रहा है, ताकि शहर के लिए पीने का पानी चलाया जा सके, मगर मिट्टी न मिलने के कारण कार्य में देरी हो रही है।
हरियाणा ही नहीं बल्कि पंजाब के भी कई एरिया से नहर टूट गई है। पंजाब में भी नहर रिपेयर का कार्य होने पर ही पानी चलने की उम्मीद है। बाढ़ में नहर टूटने से कई एरिया में जलभराव भी हो गया।
शहर में 54 मिलियन लीटर पानी की रोजाना खपत
आम दिनों में शहर में उपभोक्ता रोजाना करीब 54 मिलियन लीटर पानी की खपत करते हैं। नरवाना ब्रांच पर जनस्वास्थ्य विभाग की दो मोटर लगी हैं। यह मोटर रोजाना 22 घंटे तक चलती हैं। दोनों मोटरों से रोजाना 52.80 मिलियन लीटर पानी टैंक तक सप्लाई होता है। जनस्वास्थ्य विभाग ट्रीटमेंट के बाद शहर में पानी सप्लाई करता है।
शहर में टैंकर की कमी, ग्रामीण एरिया में सेवादार जुटे
बाढ़ ग्रस्त गांवों में ग्रामीण युवा लगातार पानी के टैंकर पहुंचा रहे हैं। वहीं शहर में टैंकरों की सप्लाई की कमी है, क्योंकि एरिया काफी ज्यादा है और पानी की सप्लाई भी काफी है। शहर में अभी जनस्वास्थ्य विभाग सुबह एक टाइम पानी दे रहा है।
पंजाब बॉर्डर मलौर हेड से लेकर जनसुई हेड से आगे कलेरां तक नहर के 184 आरडी महमूदपुर और 189 आरडी बकनौर पुल के पास पैच को ठीक किया जा रहा है। इसके साथ ही जहां भी पैच लगाने की जरूरत है, वहां कार्य किया जा रहा है। अंबाला शहर में पीने के पानी की सप्लाई शुरू करवाने के लिए पहले मलौर हेड पर कार्य को प्राथमिकता के तौर पर किया जा रहा है। मिट्टी न मिलने के कारण कार्य करने में थोड़ी देरी हो रही है। जल्द ही सभी जगहों पर रिपेयर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
-कुलबीर सिंह, एसडीओ, सिंचाई विभाग, अंबाला।
जनस्वास्थ्य विभाग के टैंकों में शहरवासियों को देने के लिए सोमवार शाम तक एक दिन का पानी बचा है। सोमवार शाम को नहर से पानी की सप्लाई मिलने की संभावना है।
-कर्णवीर सिंह, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग, अंबाला शहर।