अंबाला सिटी। सावन मास की पावन शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शिवालयों में भक्तों ने दर्शन किए। मंदिरों में रविवार को शिव भक्तों ने विधिवत पूजा की। भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
शिव भक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर अंबाला पहुंचे, जहां पर उन्होंने विधिवत भगवान शिव को जल चढ़ाते हुए फल, फूल, दूध और मिष्ठान शिव को अर्पित किए। इसी कड़ी में अंबाला सिटी के सेक्टर-9 के हाउसिंग बोर्ड में स्थित श्री महादेव मंदिर और सत्संग भवन में शिव भक्तों ने विधिवत पूजा की। इस मौके पर मंदिर के प्रधान भारत भूषण अग्रवाल, पवन गोयल, पवन जलोटा, अशोक शर्मा सहित अन्य मंदिर कमेटी सदस्यों ने परिवारों सहित पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया।
इसी प्रकार सेक्टर-7 स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में भी सुबह करीब पांच बजे से ही शिव कतारों में लग गए। सेक्टर-9 स्थित श्री शिव धाम मंदिर में सावन मास की शिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर कमेटी सदस्यों ने परिवारों सहित पहुंचकर विधिवत पूजा अर्चना की। इस मौके पर पं. अंकित शास्त्री, पं. संजय शास्त्री, पं. सुरेश शास्त्री, पं. प्रवीन शास्त्री और पं. नीरज शास्त्री ने पूजा में भाग लिया।
ढोल नगाड़ों से कांवड़ियों का स्वागत
अंबाला सिटी से सटे गांव रुपो माजरा में शिव कांवड़ियों के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया। पूर्व जिला परिषद सदस्य नैब सैनी ने बताया कि कुछ दिनों पहले गांव के करीब 100 शिव भक्त कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गए थे। इस मौके पर गांव के सरपंच मनोज सैनी, पंच जसविंद्र सैनी, समाजसेवी सदस्य जरनल सैनी, सरदार अमरीक सैनी, पंच खुशवंत सैनी, जजपा नेता सुरेंद्र सैनी, गुरमुख सैनी, पूर्व पंच मोहन सैनी और पूर्व पंच संतराम सैनी मौजूद रहे।