बराड़ा। पिछले बरसाती सीजन के बीतने पर भी नगर में जल निकासी की समस्या जस की तस है। बीते वर्ष हुई बारिश के दौरान कई वार्डों में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई थी। सडक़ों व गलियों में पानी भरने से आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। उस समय प्रशासन ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है।
वीरवार को आयोजित हाउस बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा। पार्षदों ने आगामी बरसाती सीजन को देखते हुए ड्रेनेज व्यवस्था और सफाई कार्य को प्राथमिकता देने की मांग की। उनका कहना था कि यदि समय रहते नालों की सफाई व मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो इस बार भी लोगों को जलभराव की समस्या झेलनी पड़ सकती है।
बैठक में ड्रेनेज व सफाई व्यवस्था को एजेंडे में प्रमुख स्थान दिया गया। पार्षदों ने बताया कि नपा प्रशासन, सचिव व नपा अध्यक्ष की ओर से आश्वासन दिया गया है कि बरसात से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे करा दिए जाएंगे।