राय मार्केट में दो युवकों ने बैंच न मिलने से नाराज होकर एक डोसा संचालक के कारिंदों को बुरी से पीट डाला। उन्होंने कारिंदो के सिर पर बोतल मारकर न केवल लहुलूहान कर दिया, बल्कि डोसा संचालक का काउंटर भी पलट दिया। डोसा संचालक का आरोप है कि आरोपी इस दौरान उसकी नगदी लेकर भी फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल कारिंदो के साथियों ने खून से लथपथ पीड़ितों को कैंट सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है।
मारपीट में घायल सुभाष कालोनी निवासी आदि ने बताया कि वह शुक्रवार देर रात को अपने साथी अमन के साथ डोसा की दुकान बंद कर रहा था कि अचानक दो युवक दुकान पर पहुंचे और बैठने के लिए बेंच की डिमांड करने लगे। जब उन्होंने दुकान बंद करने की बात कहकर बेंच देने से मना कर दिया तो गुस्साए युवकों ने गली गलौच शुरू कर दी और देखते ही देखते शराब की बोतल उसके सिर पर मार दी। जिससे वे लहूलुहान हो गया है।
अस्पताल में पीड़ित का इलाज करने वाले डाक्टर का कहना है कि मारपीट में घायलों के कान पर गहरी चोटें आई है। घायलों का कहना है कि हमलावर दुकान से हजारों की नकदी लेकर फरार हो गए। उधर, कैंट पुलिस एसएचओ जसपाल सिंह ने बताया कि मौका का मुआयना कर लिया गया है, जबकि घायलों के बयान भी लिए जा रहे हैं। इस मामले में कार्रवाई जारी है।