ढाई साल की जद्दोजहद के बाद अंबाला में घरेलू उड़ानों का रास्ता साफ हो गया। छावनी में मामा-भांजा पीर के साथ कंटोनमेंट बोर्ड की जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी को स्थानांतरित की जाएगी। इसको लेकर सहमति बन गई है। अंबाला छावनी में उड़ान आरसी-3 के तहत घरेलू उड़ान शुरू करने को लेकर मंगलवार को एयरफोर्स स्टेशन अंबाला छावनी में वायु अफसर कमांडिंग और उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा की अध्यक्षता में उच्च अधिकारियों की बैठक हुई।
बैठक में एयरपोर्ट बनाने को लेकर चर्चा हुई। फैसला लिया गया कि निर्धारित मापदंडों को पूरा करते हुए इस कार्य को लेकर जल्द ही अमलीजामा पहनाने का कार्य किया जाएगा। बैठक में वायु अफसर कमांडिंग प्रशांत आर्य, ग्रुप कमांडर केजे सिंह, एसएच भंडारी, पूजा मिश्रा, डीआरओ कैप्टन विनोद शर्मा, तहसीलदार सुरेश कुमार, चंडीगढ़ एयरफोर्स अथॉरिटी से प्रतिनिधि राजेश शर्मा के साथ-साथ अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
22 फरवरी को विज ने रक्षामंत्री से की थी मुलाकात
इस मामले को लेकर गृहमंत्री अनिल विज ने केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से 22 फरवरी को मुलाकात भी की थी। विज ने बताया था कि अंबाला में एयरफोर्स स्टेशन की पट्टी पर ही सिविल एविएशन के जहाज उड़ाने की अनुमति मिली थी। एयरफोर्स स्टेशन के साथ घरेलू विमानों की उड़ानों के लिए डिफेंस की जमीन की आवश्यकता होगी। इस मामले में उन्होंने रक्षा मंत्री से केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों की टीम बनाकर मौके का मुआयना कराने की अपील की थी, ताकि इसका हल निकाला जा सके। उन्होंने यह भी बताया था कि अंबाला को एयर लाइन अलॉट हो चुकी है। अंबाला से लखनऊ और श्रीनगर तक की फ्लाइट भी मंजूर है।
यह रहेगा गेटों का स्वरूप
एयरपोर्ट के तहत एक गेट जगाधरी रोड की तरफ से खुलेगा और दूसरा रास्ता एयरफोर्स स्टेशन के अंदर से खुलेगा, ताकि वायुसेना की हवाई पट्टी का प्रयोग करके जहाजों का आवागमन आसानी और सुरक्षा पूर्वक हो सके। बैठक के दौरान चंडीगढ़ एयर इंडिया के प्रतिनिधियों को इस विषय को लेकर उन द्वारा जो कार्य किया जाना है उसकी प्रस्तावित रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय और वायु अफसर कमांडिंग को देने के बारे में कहा गया, ताकि इस बारे मुख्यालय को अवगत करवाते हुए एयरपोर्ट के कार्य में तेजी लाई जा सके। बैठक के दौरान एयरफोर्स के अधिकारियों ने भी एयरपोर्ट के निर्माण के लिए जो स्पेस चाहिए उस बारे भी चर्चा करते हुए सुरक्षा की दृष्टि से जो भी मापदंड होंगे उसके तहत जमीन उपलब्ध करवाने का काम किया जाएगा।
अंबाला में डोमेस्टिक फ्लाइटों का संचालन मंजूर हुआ है। मंगलवार को एयरफोर्स स्टेशन में राजस्व विभाग के अधिकारियों, चंडीगढ़ एयरफोर्स अथॉरिटी के प्रतिनिधि, कंटोनमेंट बोर्ड के साथ-साथ इस विषय से संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से बैठक करते हुए एयरपोर्ट के निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके इसके तहत तमाम बिंदुओं पर चर्चा करते हुए अहम फैसले लिए गए हैं। -अशोक कुमार, डीसी अंबाला।