अंबाला। छावनी केे पॉलम विहार में दो पालतू कुत्तों द्वारा गली से गुजर रही महिला व उसके दोनों बच्चों को नोंचने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुत्ते के मालिक यानी अशोक कुमार पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने पीड़ित महिला ममता की शिकायत पर कार्रवाई को अंजाम दिया। बता दें कि पॉलम विहार में दो पालतू कुत्तों ने दुकान से सिम लेकर लौट रही महिला ममता व उसकी बेटी 6 वर्षीय बेटी शाइन व 11 वर्षीय मन्नत पर गली में हमला कर दिया था। कुत्तों ने जहां पहले बच्ची को छाती व कई जगह से नोंचा तो वहीं बचाव करने आई ममता व उसके बेटे मन्नत को भी जगह-जगह से काट लिया। पहले तो मां खुद ही कुत्तों को हटाने में डटी रही। जैसे ही लोगों ने चीख-पुकार सुनी तो डंडें व ईंटों के जरिए कुत्तों को हटाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते शांत हुए तो घायलों को उपचार के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। घायल ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल करवाकर कुत्तों के मालिक के खिलाफ लापरवाही बरतने की शिकायत पुलिस को सौंपी थी।