लोक निर्माण विभाग ने परियोजना के शेष सिविल कार्यों के लिए कार्य आवंटन पत्र किया जारी
वैभव शर्मा
अंबाला। नागरिक अस्पताल छावनी में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए आवासीय फ्लैट का निर्माण कार्य अब तेजी पकड़ेगा। लोक निर्माण विभाग ने इस परियोजना के शेष सिविल कार्यों के लिए मुलाना की एजेंसी मैसर्स कंपीटेंट कंस्ट्रक्शन को कार्य आवंटन पत्र जारी किया है। यह पूरा प्रोजेक्ट 8 करोड़ 93 लाख 89 हजार 598 रुपये की लागत से 365 दिनों के भीतर पूरा किया जाएगा।
इस कार्य की अनुमानित लागत 9 करोड़ 60 लाख 46 हजार रुपये तय की गई थी। वित्तीय बोली में मैसर्स कंपीटेंट कंस्ट्रक्शन ने अनुमानित दर से 6.93 फीसदी कम बोली लगाकर निविदा हासिल की। यह बोली एल-1 के रूप में स्वीकार की गई। दूसरी प्रतिस्पर्धी फर्म मैसर्स लॉर्ड शिवा कंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने 4.59 फीसदी कम यानी 9.16 करोड़ रुपये की दर दी थी।
इस परियोजना से नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को आधुनिक आवास मिलेंगे। यह कदम उनके लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सुविधा प्रदान करेगा। परियोजना का लक्ष्य कर्मचारियों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। इससे अस्पताल के कामकाज में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
आवासीय परिसर की विशेषताएं
निविदा के तहत टाइप-2, टाइप-3 और टाइप-6 श्रेणी के फ्लैट्स के शेष सिविल कार्य पूरे किए जाएंगे। आवासीय परिसर में नई आंतरिक सड़कें, मजबूत सब-बेस और आधुनिक इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक पार्किंग की सुविधा होगी। छतों पर हीट रेसिस्टेंट टाइल्स और वॉटरप्रूफिंग ट्रीटमेंट का कार्य भी किया जाएगा। सभी फ्लैट्स में मार्बल, ग्रेनाइट, विट्रिफाइड फ्लोरिंग और उच्च गुणवत्ता की सेनेटरी फिटिंग्स लगाई जाएंगी।
गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन रितेश अग्रवाल ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। कार्यपालक अभियंता की देखरेख में थर्ड पार्टी निरीक्षण करवाया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद दो वर्ष की डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड लागू रहेगी। एजेंसी को 15 दिनों के भीतर 44.70 लाख रुपये की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर में आधुनिक अग्नि सुरक्षा एवं अलार्म सिस्टम, टेरेस फायर पंप, हाइड्रेंट पाइपलाइन और 120 मिनट फायर-रेटेड दरवाजे भी स्थापित किए जाएंगे।