अंबाला। धन-धन श्री गुरु हरकृष्ण साहिब जी महाराज का प्रकाश पर्व 29 को मनाया जाएगा। समागम में आने वाली संगत को बेहतर सुविधाएं मिलें। इसके लिए सेवादारों को तैनात किया गया है। ये जानकारी हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) के वरिष्ठ उपप्रधान सुदर्शन सिंह सहगल ने दी। वे वीरवार को अन्य सदस्यों के साथ बैठक में प्रकाश पर्व की तैयारियों के संबंध में चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि गुरु महाराज के प्रकाश के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय समागम की रुपरेखा तैयार की गई है। ये कार्यक्रम 27 से 29 जुलाई तक चलेंगे। 27 जुलाई को सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब शुरू किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 10.30 धन-धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा जो गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर खतौली, मंडौर, जग्गी गार्डन, बलदेव नगर, पंचायती गुरुद्वारा बलदेव नगर, गु.सिंह सभा बलदेव नगर, बरनाला, गरनाला, जनेतपुर, टुंडली, तोपखाना, टुंडला, डिफेंस कॉलोनी,कलरेहड़ी, नगला मौड़, हंडेसरा चौक, तसिंबली से होता हुआ वापिस गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब पर संपन्न होगा।
28 जुलाई रविवार को रात के समय ढाडी, कविसरी व कीर्तन दरबार सजाए जाएंगे जोकि रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक चलेंगे। 29 जुलाई सोमवार सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब संपन्न किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक धार्मिक दीवान सजाए जाएंगे और सुबह 11 बजे अमृत संचार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएग। इस मौके पर गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब के मैनेजर हरविंदर सिंह, मुख्य ग्रंथी बूटा सिंह, खालसा कॉलेज के प्राचार्य सुखदेव सिंह, प्रीतम सिंह व प्रदीप सिंह रिंकू, एचएसजीपीसी की कार्यकारी कमेटी के सदस्य तरविंदर पाल सिंह अंबाला व सदस्य बीएस बिंद्रा भी मौजूद रहे।
गुरु घरों की बेहतर तरीके से हो रही संभाल
एचएसजीपीसी के वरिष्ठ उपप्रधान सुदर्शन सिंह सहगल ने बताया कि प्रधान जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध और चेयरमैन धर्म प्रचार कमेटी हरियाणा जत्थेदार बलजीत सिंह दादुवाल की अगुवाई में गुरु घरों की देखभाल का कार्य समुचित ढंग से हो रहा है ताकि कहीं किसी प्रकार की कोई कमी न रहे और गुरु घरों में आने वाली संगत को सुविधाएं मिलती रहें।
समागम के दौरान लगाए जाएंगे शिविर
सहगल ने बताया कि तीन दिवसीय समागम के दौरान विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। इसमें मेडिकल शिविर लगाया जाएगा और इसमें विशेषज्ञ डाक्टरों की मदद से मरीजों का उपचार व निशुल्क दवाइयां दी जाएंगी। इसी प्रकार गुरमत शिविर और दस्तारबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा ताकि बच्चों को गुरु शब्द से जोड़ा जा सके और वो दस्तार बांधने में भी माहिर हो सकें।