अंबाला सिटी। केंद्र सरकार की ओर से तीन दिवसीय एफपीओ मेले का आयोजन अंबाला शहर की नई अनाज मंडी में किया जाएगा। इस मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से किसान व स्टार्ट अप कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे और मेले में आने वाले किसानों को खेती को आसान बनाने और नई तकनीक व नए उपकरणों के बारे में बताएंगे। इस मेले में कृषि विभाग, बागवानी, कृषि विज्ञान केंद्र, नाबार्ड सहित कई विभाग शामिल होंगे।
मेले में विभिन्न विभागाें की 60 स्टालें लगाई गई हैं। जिनमें कुछ निजी कंपनियों की भी होंगी। इन स्टालों में कंपनी व किसान अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। मेले में शामिल होने वाले लोग किसानों के उत्पादों को खरीद भी सकते हैं। यहां पर किसानों को कृषि से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस मेले में 100 से अधिक किसान संगठनों का जुड़ाव होगा, जिससे उपभोक्ताओं को सीधे किसानों से मिलने और उनके उत्पादों को जानने का अवसर मिलेगा। मेले में एक हजार से अधिक विभिन्न प्रकार के किसान उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। ये उत्पाद प्राकृतिक और जैविक होंगे। इसके साथ ही मेले में लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें भाग लेकर बेहतरीन पुरस्कार जीतने का मौका रहेगा।
एफपीओ मेले के आयोजक राहुल ने कहा मेले का उद्देश्य किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना है। इस मेले के माध्यम से हम किसानों को एक मंच प्रदान कर रहे हैं, जहां वे अपने उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा सकते हैं। हमें उम्मीद है कि इस मेले से किसानों को अच्छा लाभ मिलेगा और उपभोक्ताओं को भी गुणवत्तापूर्ण उत्पाद किफायती दरों पर मिलेंगे।