संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। हरियाणा सरकार की योजनाओं मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 के प्रति विद्यार्थियों और अभिभावकों को जागरूक करने के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 16 नवंबर को सुबह 9:30 बजे छावनी स्थित एसडी कॉलेज के सभागार में आयोजित होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय की ओर से जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को पत्र जारी कर कार्यक्रम की तैयारियों और स्कूलों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में जिले के उपायुक्त मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि विभाग के आदेशानुसार जिले के प्रत्येक राजकीय मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल से निम्नलिखित प्रतिनिधियों का पहुंचना अनिवार्य किया गया है। पिछली कक्षा के परिणामों के आधार पर चयनित कक्षा 8वीं के दो टॉपर विद्यार्थी, कक्षा 10वीं के दो टॉपर विद्यार्थी, प्रत्येक विद्यार्थी के साथ एक अभिभावक या एसएमसी सदस्य, स्कूल से एक टीजीटी शिक्षक का शामिल होना अनिवार्य है।
सफल विद्यार्थी साझा करेंगे अनुभव
इस जागरूकता कार्यक्रम में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी जैसे डीईओ, डीईईओ, डीपीसी, सभी बीईओ, बीआरसी, डीएसएस, डीएमएस और मिशन बुनियाद केंद्रों के प्राचार्य मौजूद रहेंगे। साथ ही, इन योजनाओं के तहत सफलता हासिल कर चुके विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिन्हें सम्मानित किया जाएगा और वे अन्य छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। आयोजन के सफल संचालन के लिए विकल्प फाउंडेशन के प्रतिनिधि और इवेंट सपोर्ट टीम भी मौजूद रहेगी।
-
प्रदेश भर में चलेगा अभियान
जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि निदेशालय विद्यालय शिक्षा, हरियाणा की ओर से जारी राज्यव्यापी शेड्यूल के तहत अंबाला से 16 नवंबर को इस अभियान की शुरुआत हो रही है। इसके बाद 17 नवंबर को पंचकूला, 19 को करनाल, 20 को पानीपत और 23 को गुरुग्राम सहित प्रदेश के अन्य जिलों में 22 दिसंबर तक ये जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।