- मेयर पद पर आजाद चुनाव लड़ रहीं सोनिया चौधरी ने मौके पर जताया विरोध
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। मंगलवार सुबह मेयर पद पर आजाद चुनाव लड़ रहीं सोनिया चौधरी ने प्रशासन पर भाजपा के साथ मिलकर उनके होर्डिंग उतारने का आरोप लगाया। यह आरोप लगाया ही जा रहा था कि सूचना मिली कि सिटी में एक स्थान पर भाजपा के होर्डिंग छोड़े जा रहे हैं और उनके होर्डिंग पर कार्रवाई की जा रही है। वह मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने होर्डिंग उतारने वाले कर्मचारियों से आदेश दिखाने को कहा मगर वह नहीं दिखा सके।
यहां काफी देर तक आजाद प्रत्याशी ने कर्मचारियों को समझाया, अधिकारियों से भी फोन पर बात की और आपत्ति जताई। वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने सोशल मीडिया पर एक फोटो जारी की, जिसमें एक लड़का उनके होर्डिंग फाड़ रहा था। उसे आजाद प्रत्याशी का समर्थक बताया जबकि आजाद प्रत्याशी ने उस युवक को पहचाने से इन्कार कर दिया और इसे भाजपा का सुनियोजित काम बताया।
निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से कुछ दूरी पर भी लगे थे झंडे
दो दिनों से प्रशासन सरकारी भवनों और सरकारी संपत्ति से प्रत्याशियों के पोस्टर, बैनर, होर्डिंग आदि प्रचार सामग्री हटा रहा है। सोमवार को वह वार्ड 9 में पहुंचे ताे यहां कर्मचारियों ने प्राइवेट भवन से ही होर्डिंग हटा दिए। यहां पर प्रत्याशियों के समर्थकों ने भी सिर्फ उनके ही बैनर हटाने का आरोप लगाया। इसके बाद मंगलवार को मेयर पद पर आजाद प्रत्याशी ने आरोप जड़ दिए। दूसरी तरफ निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त कार्यालय के समीप स्थित मेक इन इंडिया चौक पर भाजपा के झंडे लगे हुए थे। इन्हें उतारा नहीं गया। इसी प्रकार इस रोड पर डिवाइडर पर झंडे लगे थे। इस मामले ाको लेकर जब आचार संहिता उल्लंघन के नोडल अधिकारी सुशील कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि हमने कर्मचारियों को निष्पक्ष रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के पास मेक इन इंडिया चौक पर लगे भाजपा के झंडे। संवाद
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के पास मेक इन इंडिया चौक पर लगे भाजपा के झंडे। संवाद