संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। खाटू श्याम की यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के बीच मारपीट हो गई। गोगा मेड़ी के पास एक युवक ने अपने ही साथी पर तेजधार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को पंचकूला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को दिए बयान में नारायणगढ़ निवासी अमनदीप सिंह (23) ने बताया कि वह कार सेल-परचेज का काम करते हैं। उनका दोस्त अंशुल 13 अप्रैल की सुबह खाटू श्याम से बस से वापस शहजादपुर आ रहा था। रास्ते में बस के भीतर अंशुल का कुशांत नामक युवक के साथ विवाद हो गया। अंशुल ने फोन कर अमनदीप को मौके पर बुलाया ताकि कुशांत को शांत किया जा सके।
अमनदीप सुबह करीब 5:30 बजे गोगा मेड़ी पहुंचा। जब उसने और अंशुल ने कुशांत को लड़ाई खत्म करने की बात कही तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया। आरोप है कि जब अमनदीप वहां से जाने लगा तो कुशांत ने उसका रास्ता रोका और तेजधार वस्तु से कोहनी पर वार कर दिया।
जख्मी हालत में अमनदीप को पहले सीएचसी शहजादपुर ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे अंबाला सिटी और फिर पंचकूला रेफर कर दिया गया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद एएसआई संदीप कुमार ने पीड़ित के बयान दर्ज किए। अमनदीप के बयान के आधार पर आरोपी कुशांत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।