अंबाला सिटी के रोडवेज वर्कशॉप में लगा वाटर कूलर। संवाद
अंबाला सिटी। रोडवेज वर्कशॉप में कर्मचारी गंदा और मच्छरों वाला पानी पी रहे हैं। इसका खुलासा सोमवार को एक वीडियो के सामने आने से हुआ। रोडवेज वर्कशॉप में एक ही वाटर कूलर है। इस वाटर कूलर में जब कर्मचारियों से ढक्कन हटाया ताे स्थित देखकर हैरान रह गए। वाटर कूलर में मच्छर पड़े थे और पानी भी मटमैला हो रहा था। कई दिनों से रोडवेज वर्कशॉप पर कार्यरत कर्मचारियों को पानी से दुर्गंध आ रही थी। इस मामले के सामने आने के बाद कर्मचारियों ने रोडवेज जीएम से इस प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यहां से पानी पीना भी बंद कर दिया है।
पहले भी इस समस्या पर दिलाया ध्यान
पहले भी वर्कशॉप के कर्मचारी रोडवेज के उच्चाधिकारियों से वाटर कूलर बढ़ाने और स्वच्छ पानी की मांग कर चुके हैं। मगर किसी ने अभी तक गौर नहीं किया। बारिश के दिनों में तो यहां जलभराव भी हो जाता है। इसमें सुधार के स्थान पर रोडवेज के अधिकारी नई वर्कशॉप बनाने का हवाला देते हुए बात को टाल देते हैं। इंटैक यूनियन के पदाधिकारी बलविंदर ने बताया कि पिछले काफी समय से पेयजल की वर्कशॉप में किल्लत है। कार्यशाला में एक टैंक बना हुआ है जिसके ऊपर यह वाटर कूलर रखा है। वाटर कूलर पिछले काफी समय से साफ भी नहीं किया गया है। हालात यह हैं कि गंदा पानी छत पर रखी टंकी से आ रहा है। पानी में मच्छर मरे हुए पड़े हुए हैं। यहां नाम के लिए आरओ लगा है। वह भी खराब हालत है। ऐसे में बाहर से भरकर पानी लाना पड़ रहा है। इस संबंध में रोडवेज जीएम को पूर्व में ज्ञापन भी सौंपा था।
वर्कशॉप में 400 कर्मचारी कार्यरत
अंबाला डिपो के पास करीब 200 रोडवेज की बसें है। जिसमें से 50 बसें नारायणगढ़ सब डिपो के पास है और 150 के करीब बस अंबाला शहर स्थित रोडवेज वर्कशाप में हैं। इन बसों का दिन रात वर्कशाप में आना जाना लगा रहता है। इसके अलावा वर्कशाप में करीब 400 कर्मचारी कार्यरत हैं। इसमें चालक- परिचालक व वर्कशाप में अन्य काम देखते हैं।
वर्जन
समस्या संज्ञान में आ गई है। इसका समाधान करने के निर्देश दे दिए हैं। -अश्वनी डोगरा, जीएम रोडवेज