अंबाला सिटी। 134-ए के तहत दाखिला को लेकर अभिभावकों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। अभिभावकों ने गृहमंत्री, उपायुक्त व जिला शिक्षा अधिकारी के पास कई बार गुहार लगाई जा चुकी है। इसके बाद भी केवल 1971 में से 850 विद्यार्थियों का दाखिला हो पाया है। इसी परेशानी को लेकर शनिवार को भी अभिभावक जिला शिक्षा सदन पहुंचे, मगर वहां भी उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है। दूसरी ओर, प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जो स्कूल बच्चों को दाखिला नहीं दे रहे हैं। उनके नाम निदेशालय भेज दिए गए हैं। प्रशासन को उच्च अधिकारियों के आदेश आने का इंतजार है। इसके बाद इन स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों को दाखिला न मिलने के कारण अभिभावक मानसिक रूप से परेशानी झेल रहे हैं। उन्हें डर सता रहा है कि कहीं उनके बच्चों का एक साल खराब न हो जाए। यही करण है कि अभिभावक बार-बार कभी स्कूल तो कभी अधिकारियों के चक्कर काटते हुए उनके बच्चों को 134-ए के तहत दाखिला दिलवाने की मांग कर रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि जल्द ही दूसरे चरण की दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दाखिला से वंचित रहने वाले बच्चों को दूसरे चरण में दाखिला दिलवाने का कार्य किया जाएगा।