अंबाला सिटी। नगर निगम चुनाव के लिए शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेजी गई प्रस्तावित वार्डबंदी पर निदेशालय ने अंतिम मोहर लगा दी है। वार्डबंदी पर मोहर लगने के बाद अब आरक्षित वार्डों के ड्रा निकाले जाएंगे। यह प्रक्रिया जनवरी के प्रथम सप्ताह में पूरी की जाएगी। बुधवार को निदेशालय की ओर से वार्डबंदी को लेकर अधिसूचना जारी की गई।
एडहॉक कमेटी को जारी होगा नोटिस, फिर निकाले जाएंगे ड्रा
निदेशालय में 17 दिसंबर को निगम अधिकारियों ने वार्डबंदी का ड्राफ्ट जमा करवाया था। इस ड्राफ्ट के जमा होने के बाद निदेशालय की ओर से अधिसूचित की गई। निगम अधिकारियों के अनुसार अब उपायुक्त कार्यालय से एडहॉक कमेटी में शामिल सदस्यों को नोटिस दिए जाएंगे। नोटिस के सात दिन में वार्डों को आरक्षित करने को लेकर ड्रा निकाला जाएगा। यह प्रक्रिया जनवरी माह के पहले सप्ताह में होगी।
पहली बार बीसी-बी का वार्ड भी होगा आरक्षित
इस बार वार्डबंदी को बूथ अनुसार किया गया है। इससे कई वार्डों के क्षेत्र भी बदले हैं। शहर में 20 वार्ड हैं। इन वार्डों में तीन वार्ड एससी, दो वार्ड बीसी-ए और एक वार्ड बीसी-बी का बनाया जाना है। पहली बार बीसी-बी का एक वार्ड आरक्षित किया जाएगा। पहले बीसी का वार्ड ही आरक्षित होता था। वहीं, महिला और सामान्य श्रेणी के लिए भी वार्ड आरक्षित किए जाएंगे।
मेयर पद के आरक्षित होने का भी होना है ड्रा
अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में से पद आरक्षित होने को लेकर भी ड्रा निकाला जाना है। यह ड्रा दो बार स्थगित हो चुका है। वार्डबंदी की अधिसूचना आने के बाद यह ड्रा भी जल्द हो सकता है।