बैठक के दौरान मौजूद बैंकों के प्रतिनिधी व अन्य। संवाद
अंबाला। हरियाणा बैंक इंप्लाइज फेडरेशन की जिला स्तर पर जिला की बैठक शनिवार को संपन्न हुई। इसका मुख्य उद्देश्य जिला की फेडरेशन का गठन करना था। आठ अक्तूबर को अंबाला में हरियाणा बैंक इंप्लाइज फेडरेशन की सेंट्रल कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया था कि हरियाणा प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर पर फेडरेशन बनाई जाएगी।
इसमें लिए गए निर्णय के तहत अंबाला जिले की फेडरेशन का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन के महासचिव कामरेड एमपी सिंह ने की। उन्होंने अखिल भारतीय बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन द्वारा सभी बैंकों में पर्याप्त भर्तियां करने को लेकर चलाए जा रहे प्रदर्शन को कामयाब बनाने के लिए सभी को दिशा-निर्देश दिए और 12 वें वेतन वृद्धि समझौते में हो रही प्रगति के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि फेडरेशन के नियमों का उल्लंघन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनकी देखरेख में आम सहमति से नई जिला स्तर अंबाला की फेडरेशन का गठन किया गया।
बैठक को फेडरेशन के सचिव कामरेड पीसी चौहान ने भी संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार यह कोशिश कर रही है कि सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों का निजीकरण कर दिया जाए। यदि सरकार आने वाले समय में ऐसा कोई कदम उठाती है तो हमें उन चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। इनके अलावा बैठक को फेडरेशन के उप प्रधान कामरेड अनिल शर्मा, सुशील शर्मा, दिनेश कुमार, जुझार सिंह कमल ने भी संबोधित किया। बैठक में अंबाला जिला के सभी बैंकों के लगभग 125 कर्मचारियों ने भाग लिया।