अंबाला सिटी। कई स्कूलों और कॉलेजों के साथ कई कॉलोनियों को जोड़ने वाली रेलवे रोड से रविदास बस्ती रोड का 300 मीटर हिस्सा जानलेवा बना हुआ है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो रही हैं। वहीं रिक्शा, रेहड़ी और ई-रिक्शा का पलटना आम बात है। कई लोग प्रतिदिन चोटिल होते हैं। इसके बावजूद सुध लेने वाला कोई नहीं है।
स्थानीय लोग दर्जन भर शिकायतें सरकारी कार्यालयों से लेकर पार्षद व विधायक तक को थमा चुके हैं। बुधवार को भी वह पंचायत भवन में होने वाली कष्ट निवारण समिति की बैठक में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। बैठक रद होने के कारण वह शिकायत नहीं दे सके। इसके बाद वह विधायक के निवास स्थान पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी शिकायत विधायक के प्रतिनिधियों को सौंपते हुए समस्या से अवगत करवाया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वह अपनी समस्या को बता-बता कर थक चुके हैं परंतु सड़क ठीक होने की आस में अभी भी मंत्रियों और अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।
आए दिन हो रहे हादसे
गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। वहीं हर 15 दिन बाद अपने स्तर पर ईंट-पत्थर इन गड्ढों में भरवाने पड़ते हैं। यह भी कब तक संभव है। कई जगह निवेदन कर लिया है परंतु सुनने वाला कोई नहीं है।
- अमरजीत सिंह, स्थानीय निवासी।
लोग हमे उठाते हैं
गड्ढों के कारण हमारी रातों की नींदें हराम हो गई है। इन गड्ढों में आधी रात को कोई गाड़ी फंस जाती है। वह लोग मजबूरी में हमारा दरवाजा खटखटाते हैं। हमें भी उठना पड़ता है। पूरी-पूरी रात खराब हो जाती है।
- प्रदीप, स्थानीय निवासी।
मिट्टी डालकर भरवाए गड्ढे
गड्ढे में मिलकर मिट्टी डलवाते हैं, ताकि हादसे न हों। जब वाहन चलते हैं तो मिट्टी उड़ती है। इस कारण सेहत खराब हो रही है। समाधान को लेकर कई बार मांग कर चुके हैं परंतु स्थिति जस की तस बनी हुई है।
- अंजू सिंगला, स्थानीय निवासी।
सड़क पर लाइट भी नहीं
इस सड़क से गुजरने वाले लोगों के साथ-साथ हम गड्ढों से परेशान हैं। घर से बाहर निकलना हो तो सोच समझ कर निकलते हैं। सड़क पर लाइट भी नहीं है। रात के समय स्थिति ज्यादा खराब है।
- मीना रानी, स्थानीय निवासी।
अपनी ओर से पूरा प्रयास कर रहा हूं। हुआ यूं कि सरकार ने पार्षदों द्वारा करवाए जाने वाले कार्य के लिए एक पोर्टल शुरू किया है। जो पिछले दो माह से चल नहीं रहा था। जैसे ही वह चला तो तुरंत पोर्टल पर सुधार के लिए सारा डाटा अपलोड कर दिया है। एसई तक भी फाइल पहुंचा दी है। उम्मीद है कि जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।
- मिथुन वर्मा, पार्षद, वार्ड नंबर 10