- नगर परिषद ने वार्ड स्तर पर तैयार किया प्रस्ताव, लोगों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी और सदर क्षेत्र में करीब 18.86 करोड़ रुपये की लागत से धर्मशालाओं व सामुदायिक केंद्रों का निर्माण और नवीनीकरण किया जाएगा। नगर परिषद ने इसकी कार्ययोजना तैयार की है। इस परियोजना के तहत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में रहने वाले विभिन्न समुदायों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस भवनों का निर्माण किया जाएगा।
लगभग हर वार्ड में निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। इसमें मुख्य रूप से धर्मशालाओं के निर्माण पर जोर दिया गया है। अनुसूचित जाति और विभिन्न पिछड़ा वर्ग समुदायों के लिए वार्ड स्तर पर नई धर्मशालाएं बनाई जाएंगी। जनसाधारण के सामाजिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक सामुदायिक केंद्र का निर्माण होगा।
पुराने भवनों का होगा जीर्णोद्धार
कई क्षेत्रों में पुरानी चौपालों और धर्मशालाओं के नवीनीकरण का कार्य भी सूची में शामिल है। इसमें बोह, बब्याल, नन्हेड़ा जैसे क्षेत्रों में विकास कार्य होंगे। वार्ड स्तर पर सामुदायिक भवन पर 20 से 50 लाख रुपये प्रति भवन खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उचित स्थान की कमी महसूस की जा रही थी। अब इन भवनों के बनने से शादी, धार्मिक अनुष्ठान और सामूहिक बैठकों के लिए लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा।
अंबाला के प्रत्येक वार्ड में विकास करवाना हमारी प्राथमिकता है। धर्मशालाओं और सामुदायिक केंद्रों के निर्माण से गरीब तबके को अपने कार्यक्रमों के लिए बेहतर स्थान मिलेगा।
- स्वर्ण कौर, अध्यक्ष, नगर परिषद सदर, अंबाला