धनतेरस पर व्यापारियों व दुकानदारों द्वारा लगाए गए ऑफरों का ग्राहकों ने जमकर लाभ उठाया, वहीं बर्तन बाजार और सर्राफा बाजार में दुकानदारों में भी ग्राहकों की भीड़ रही। ऐसा ही हाल सिटी व कैंट के मुख्य बाजारों से लेकर हर छोटे बाजार का भी था। हर साल धनतेरस पर बाजार खुलने के आसार होते हैं, उसी तरह इस साल भी बंपर खरीदारी हुई है, दुकानदारों का कहना है कि इस तरह की खरीदारी आगे भी ऐसे ही जारी रहेगी तभी उन्हें मुनाफा होगा।
सिटी में जगाधरी गेट, सर्राफा बाजार, पटेल रोड, शुक्लकुंड रोड के साथ कैंट के भी सदर बाजार, सर्राफा बाजार, बजाजा बाजार, हलवाई बाजार व अन्य बाजारों में भीड़ भाड़ वाली स्थिति रही। आलम यहां तक कि लोग पैर भी नहीं रख पा रहे थे, उपर से गाड़ियों के कारण जाम ने स्थिति को और बदतर बना दिया।
सर्राफा बाजार में खूब रही रौनक
सुबह से सर्राफा बाजार में रौनक रही। लोग सर्राफ कारोबारियों द्वारा दिए गए छूट का खूब लाभ उठा रहे थे। दुकानदारों का कहना है कि आर्थिक मंदी के कारण दुकानों पर ग्राहक बहुत कम हो गए थे, लेकिन अब स्थिति थोड़ी ठीक लग रही है और अधिकतर दुकानदार आज के दिन काफी व्यस्त भी है।
सैकड़ों कारों व दोपहिया वाहनों की हुई बिक्री
बाजारों के साथ वाहनों के सभी शोरूम में भी ग्राहकों की खूब चहल पहल रही, जहां ग्राहकों ने चार पहिया व दो पहिया वाहनों की खरीदारी की। जानकारों की मानें तो धनतेरस के दिन हजारों चार पहिया व दो पहिया वाहनों की खरीदारी हुई है। लोगों ने पसंदीदा कलर के वाहनों के लिए महीनों पहले बुकिंग करवा रखी थी, इन वाहनों की भी आज डिलीवरी ग्राहकों को दी गई।
बर्तन बाजार और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में सबसे ज्यादा भीड़
बर्तन बाजार और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में जाम का यही आलम रहा। जहां हजारों की संख्या में लोग सामान खरीदने उमड़े। सुबह से ही बाजार में बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान में टीवी, माइक्रोवेव, मोबाइल व अन्य सामन खरीदने के लिए भीड़ लगी रही।
करीब इतने का कारोबार
सराफा------18 करोड़ रुपये
कपड़ा-----5 करोड़ रुपये
बर्तन एवं उपहार------2 करोड़ रुपये
वाहन----------4 करोड़ रुपये