अंबाला सिटी। बच्चों को कुपोषण और एनीमिया से बचाने के लिए जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। उपायुक्त अजय सिंह तोमर की अध्यक्षता में हुई जिला समन्वय समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 अप्रैल को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस मुहिम के तहत 1 से 19 वर्ष के 3.81 लाख बच्चों और 20-24 वर्ष की 25 हजार महिलाओं को एलबेंडाजॉल की गोली मुफ्त खिलाई जाएगी। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा इस स्वास्थ्य लाभ से वंचित न रहे। सिविल सर्जन डॉ. रेनु बेरी ने स्पष्ट किया कि यह चबाने वाली गोली है और इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं हैं। जो बच्चे 21 तारीख को दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 5 मई को मॉप अप दिवस पर कवर किया जाएगा। यह दवा स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ियों में उपलब्ध रहेगी।