श्री बांके बिहारी मंदिर में शारदीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट के गोबिंद नगर स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में शारदीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। यह नौ दिवसीय अनुष्ठान 11 अक्तूबर से 19 अक्तूबर तक चलेगा। मंदिर परिसर माता के जयकारों और आकर्षक रोशनी से भक्तिमय हो उठा। प्रथम नवरात्र पर मंदिर को फूलों से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विस्तृत पूजा-अर्चना, दुर्गा स्तुति और कलश स्थापना के साथ कार्यक्रम शुरू हुए। पंडित परमेश्वरानंद ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया और विश्व शांति के लिए प्रार्थना की। प्रथम नवरात्र की भजन संध्या में गायिका अनीता ने मधुर प्रस्तुतियां दीं, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। इस अवसर पर सभा प्रधान दिनेश बहल, अध्यक्ष सतीश दुआ, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा और महासचिव संजय गौरी उपस्थित रहे।