अंबाला सिटी। मंडियों में गेहूं की आवक शुरू हो गई है। इसको लेकर मंगलवार को अंबाला शहर की अनाज मंडी में उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने खरीद एजेंसियों को सतर्क किया कि गेहूं खरीद कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। इसलिए गेहूं खरीद का कार्य के साथ-साथ लिफ्टिंग का कार्य भी बेहतर तरीके से होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को भुगतान समयबद्ध तरीके से 72 घंटे के अंदर होना चाहिए।
इस दौरान उपायुक्त ने अटल कैंटीन काे भी देखा। जहां प्रतिदिन मंडी में आने वाले 500 से 600 मजदूराें और किसानों को भरपेट भोजन कराया जाता है। उपायुक्त ने बताया कि श्रमिक, ट्रांसपोर्टर की निविदा का कार्य भी जल्द कर दिया जाएगा। आढ़ती मंडियों में तिरपाल की व्यवस्था के साथ-साथ किसानों के बैठने के साथ-साथ जो अन्य कार्य है उसे करें ताकि मंडी में सभी कार्य सुचारू रूप से चल सके।
गेहूं को नमी मीटर से जांचा
मंडी में किसानों को दी जा रहीं सुविधाओं को जाना। इसके साथ ही गेहूं की आवक भी पता की। उन्होंने मौके पर गेहूं की ढेरी पर जाकर नमी मीटर के माध्यम से गेहूं की नमी को भी जांचा। निरीक्षण से पहले उपायुक्त मार्केट कमेटी के कार्यालय पहुंचे और आढ़ती व अधिकारियों के साथ बैठक ली। जिसमें मंडी में की गई व्यवस्था की समीक्षा के साथ अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मंडी में गेहूं खरीद के कार्य के साथ-साथ उठान का कार्य सुचारू रूप से चले, बारदाने की व्यवस्था, तिरपाल की व्यवस्था, रैक की व्यवस्था के साथ-साथ गेहूं खरीद कार्य से जुड़े जो भी अन्य कार्य हैं वे सभी बेहतर समन्वय के साथ करें।