अंबाला सिटी। भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के बैनर तले किसानों ने वीरवार को एसपी कार्यालय में जमा होकर नारेबाजी की। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य रवि आजाद की अगुवाई में काकरकुंडा गांव के किसानों ने एसपी कार्यालय पर डेरा जमाया। धरना देते हुए जमकर रोष जताया। किसानों ने प्रशासन द्वारा दर्ज किए गए मामलों को तुरंत प्रभाव से रद करने की मांग की।
किसानों ने बताया कि काकरकुंडा गांव में लगभग 35 एकड़ भूमि पर सफेदे के पेड़ लगे हुए हैं। उस जमीन पर पिछले करीब 60 से 70 साल से जमींदार काबिज हैं। वहीं उनकी इस जमीन के साथ पंचायती जमीन लगती है। जब किसानों ने अपनी जमीन से पेड़ काटने चाहे तो उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया जो पूरी तरह गलत है। किसानों का कहना है कि उन्होंने अपनी ही जमीन से पेड़ों को काटा है, न की पेड़ों की चोरी की है। उन्होंने मांग की है कि पुलिस प्रशासन ने जो भी एफआईआर दर्ज की हैं, उन्हें तुरंत प्रभाव से रद किया जाए और किसानों को राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासन उन पर दर्ज मामलों को वापस नहीं लेता तब तक उनका प्रदर्शन आगे भी ऐसे ही जारी रहेगा।