अंबाला। भाईदूज पर भाई को तिलक करने के बाद वापस घर लौट रही बाइक सवार महिला को ट्रक ने टक्कर मार दी। पीछे करते समय ट्रक की बाइक को टक्कर लगी। बाइक सवार पति, पत्नी व दो बच्चे सड़क पर गिर गए। पति को मामूली चोटें आई लेकिन महिला के पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया। राहगीरों की मदद से महिला को उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक पैर में कई जगह फ्रैक्चर आया है। इलाका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे में घायल महिला की भाभी ममता ने बताया कि सुबह भाई को तिलक करने के लिए यमुनानगर के हसनपुर से माया परिवार संग पहुंची थी। शुभ मुहूर्त पर तिलक करने के बाद वह बाइक पर लौट रहे थे। हंडेसरा के पास चालक ने ट्रक पीछे करते समय टक्कर मार दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।