राष्ट्रीय स्तर पर पैराशूटिंग में लगातार तीन वर्ष गोल्ड मेडल जीतने वाले शाहपुर निवासी दीपक सैनी ने बुधवार को उपायुक्त अशोक सांगवान से मुलाकात की। उपायुक्त ने दीपक सैनी की इस उपलब्धि पर उसे मुबारकबाद दी और वर्ष 2016 में ब्राजील में होने वाली रियो ओलंपिक की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर दीपक सैनी ने शूटिंग के लिए महंगे खेल उपकरण व प्रशिक्षण प्रक्रिया में सहयोग के लिए उपायुक्त से अनुरोध किया। इसके बाद श्री सांगवान ने कहा कि वे इस संबंध में वह हर संभव प्रयास करेंगे।
गांव शाहपुर के लगभग 31 वर्षीय दीपक सैनी ने वर्ष 2011 में शूटिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया था। जहां वह अब तक दिल्ली और पूणे में आयोजित राष्ट्रीय पैराशूटिंग प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इस वर्ष उन्होंने दिल्ली में आयोजित पैराशूटिंग प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर राइफल और 50 मीटर राउंड राइफल में दो स्वर्ण पदक हासिल कर जिला का नाम रोशन किया है।
दीपक इस वर्ष यूएसए में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में भारतीय पैराशूटर दल में सबसे अधिक अंक हासिल करने वाले खिलाड़ी बने। हालांकि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्हें 14वां स्थान प्राप्त हुआ है, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों में सर्वाधिक 629.4 अंक दीपक सैनी ने ही प्राप्त किए थे।
दीपक इन उपलब्धियों के लिए हरियाणा के राज्यपाल द्वारा उन्हें 2.50 लाख रुपये तथा सरकार द्वारा एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जा चुका है। जीवन की चुनौतियों का हौसले से मुकाबला करने की इच्छा रखने वाले दीपक के पिता की मृत्यु लगभग 20 वर्ष पहले हो चुकी है, लेकिन दीपक सैनी ने परिवार की इन परिस्थितियों में भी स्वयं विकलांग होते हुए न केवल अपनी शिक्षा को जारी रखा बल्कि खेल में भी अपनी रुचि को बरकरार रखा। अंबाला से ही बारहवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त दीपक स्कूल समय में पैरकबड्डी में भाग लेते रहे हैं और वर्ष 2011 से पैराशूटिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। वर्ष 2016 के रियो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के साथ इन दिनो डा. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज दिल्ली में अभ्यास कर रहे हैं। वह इस वर्ष प्रदेश सरकार की भीम अवार्ड योजना के तहत भी आवेदन किया है।