अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन बुखार के मरीज।
- फोटो : Ambala
अंबाला सिटी। तापमान गिरने के साथ ही डेंगू के नए मरीजों में भी कमी आने लगी है। शनिवार को भी जिले में दो नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में डेंगू के कुल मरीजों का आंकड़ा 673 पहुंच गया है। नए मामलों में कमी आने से स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली है। इसके साथ ही ओपीडी में भी अब बुखार व सांस की बीमारी वाले मरीजों में कमी दिखाई दे रही है।
शनिवार को ओपीडी में पहले के मुकाबले कम मरीज दिखाई दिए। इसके साथ ही वार्ड में भी अब अधिकतर बेड खाली दिखाई दे रहे हैं। अब जो मरीज उपचार करवा रहे हैं वह भी कई दिन से अस्पताल में दाखिल है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिस हिसाब से अब नए मरीजों में गिरावट आ रही है। उस हिसाब से उम्मीद है कि जल्द ही नए मरीजों का आंकड़ा शून्य हो जाएगा। सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि शनिवार को केवल दो मरीजों में ही डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के प्रयासों से जल्द ही डेंगू पर पूरी तरह से काबू पा लिया जाएगा।