अंबाला। युवक को फेसबुक मैसेंजर पर गैंगस्टर संपत नेहरा और मोनू राणा के नाम पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित नारायणगढ़ निवासी आकाश ने इस संबंध में पुलिस के साथ ही गृहमंत्री को भी शिकायती पत्र सौंपते हुए जांच और कार्रवाई की गुहार लगाई है। मामले में गृह मंत्री अनिल विज ने पुलिस अधीक्षक अंबाला को गंभीरता से जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पीड़ित ने बताया कि मामला करीब एक माह पहले शादी समारोह में दूसरे पक्ष द्वारा हुई मारपीट व छेड़छाड़ से जुड़ा है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में नारायणगढ़ की चानना कॉलोनी निवासी आकाश वालिया ने बताया कि करीब एक माह पहले उसकी ममेरी बहन के साथ छेड़छाड़ हुई थी। साथ ही विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट भी की थी। इस संबंध में शिकायत पर नारायणगढ़ महिला थाने में आरोपी विनोद वालिया पर कई धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ था। वहीं वकील विनोद वालिया की शिकायत पर नारायणगढ़ पुलिस थाने में उसके मामा देवेंद्र वालिया व परिवार के अन्य सदस्यों के ऊपर भी मामला दर्ज हुआ था। विनोद वालिया इन दिनों कोर्ट में बतौर वकील प्रैक्टिस कर रहा है। इस झगड़े के बाद आरोपी उसे, उसके परिवार व रिश्तेदारों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपियों के गैंगस्टरों से संबंध हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पिछले कई दिनों से कुछ संदिग्ध युवक उसका पीछा कर रहे हैं। आरोप लगाया है कि बदमाशों ने जन्मदिन व शादी की सालगिरह से पहले उसे गोली मारने की धमकी दी है।
-
मामा के घर पर आई थी सोशल मीडिया पर कॉल, दी थी धमकी
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि 21 दिसंबर को वह अपने मामा देवेंद्र वालिया के पास गया हुआ था। उसके नंबर पर फेसबुक मैसेंजर यानी सोशल मीडिया से सुबह साढ़े नौ बजे कर्ण वालिया नाम से कॉल आनी शुरू हुई। फिर सुबह 10:21 बजे कॉल आई। जब उसने कॉल रिसीव किया तो आरोपी बोला कि वह अमेरिका से बोल रहा है। भारत में गैंग चलाता है, जिसमें रिषभ वालिया भी है। बदमाश उसे धमकी देने लगा कि तुमने जो केस विनोद वालिया और रिषभ वालिया के खिलाफ किया है या तो तुम समझौता कर लो, नहीं तो तुम्हें व तेरे परिवार को जान से मरवा दूंगा। मेरा गैंगस्टर संपत नेहरा और मोनू राणा गैंग से संबंध है। सिर्फ दो लाख रुपये का खेल है। पैसा फेंक तमाशा देख। शिकायत में बताया गया कि उसने धमकी देते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर ली है। आरोप लगाया कि रिषभ वालिया भी कॉल कॉन्फ्रेंस पर था। ऐसे में परिवार डर के कारण घर से बाहर नहीं निकल पा रहा है।