मुलाना/जलबेड़ा । जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो व्यक्तियों पर घर में घुसकर जानलेवा हमले के मामले सामने आए हैं। पहले मामले में थाना मुलाना के जफरपुर गांव में मामूली विवाद पर दो भाइयों ने एक व्यक्ति को गंडासी से मारा, जबकि दूसरे मामले में थाना नग्गल के नन्यौला गांव में पुरानी रंजिश के चलते तलवारों और डंडों से लैस होकर आए चार लोगों ने युवक के सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मामला-1
गंडासी से हमला, बच्चे और महिला से भी बदसलूकी
जफरपुर गांव निवासी रविंद्र कुमार ने बताया कि 30 जून को वह अपने घर में था। तभी गांव के ही दिनेश और ब्रिजेश वहां आए और गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि ब्रिजेश ने हाथ में ली गंडासी से उस पर वार किया। इससे वह बाल-बाल बचा। विरोध करने पर दोनों ने उसे गिराकर बुरी तरह पीटा। शोर मचाने पर पत्नी निशा रानी और 8 वर्षीय बेटा वैभव बचाने आए तो आरोपियों ने बच्चे को भी मुक्का मारा और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
मामला-2
घर में घुसकर तलवार से किया वार
उधर, नग्गल क्षेत्र के नन्यौला गांव में जगदीप सिंह पर तलवार से हमला किया गया। पीड़ित ने बताया कि 29 जून की रात वह घर पर था। तभी राजिंदर सिंह, हरप्रीत कौर, सुखवीर और गुरप्रीत सिंह जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि राजिंदर के हाथ में लोहे की तलवार थी।इससे उसने जगदीप के सिर पर वार किया। गंभीर रूप से घायल जगदीप को पहले नागरिक अस्पताल और बाद में पीजीआई रेफर किया गया था। अब छुट्टी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। संवाद