अंबाला। फुटबॉल लवर्स वेलफेयर सोसायटी की ओर से शनिवार को कैंट के रॉबर्ट पैवेलियन मैदान में यंग अंबाला लीग के तहत तीन मुकाबले हुए। पहला मुकाबला डीएवी रिवर साइड स्कूल व बीजीएस फुटबॉल अकादमी अंबाला सिटी के बीच हुआ। मैच की शुरूआत से ही डीएवी स्कूल का दबदबा रहा। 14वें मिनट में वंश व 28वें मिनट में यश ने गोल कर स्कोर को 2-0 किया। हालांकि बीजीएस अकादमी की तरफ से 36वें मिनट में अनमोल ने गोल किया लेकिन आखिर तक स्कोर 2-1 होने के कारण डीएवी रिवरसाइड स्कूल की टीम विजेता रही।
दूसरा मुकाबला सिटी यूनाइटेड फुटबॉल क्लब अंबाला सिटी व जय पब्लिक स्कूल बराड़ा के बीच खेला गया। आखिरी तक स्कोर 1-1 रहने के कारण मैच बेनतीजा रहा। तीसरा मुकाबला एमएमआईएस अंबाला सिटी व जूनियर हीरो क्लब अंबाला के बीच हुआ। यह मैच भी 1-1 स्कोर के चलते बराबरी पर रहा। इस मुकाबले में समाजसेवी व पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी हंसराज अग्रवाल बतौर मुख्यातिथि के रूप में शामिल रहे। सदस्य नरेश कुमार ने बताया कि इस लीग के चार मुकाबले रविवार को होंगे। दो मुकाबले सिटी की एनसीआर अकादमी अंबाला सिटी व दो मुकाबले रॉबर्ट पैवेलियन मैदान में होंगे।