अंबाला। ट्रेन में सफर कर रही 19 वर्षीय युवती संदिग्ध हालात में लापता हो गई। जीआरपी ने पिता मोहन लाल की शिकायत पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मोहन लाल ने जीआरपी को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी लुधियाना में एक कोठी में खाना बनाने का कार्य करती थी। तीन अप्रैल को उसकी बेटी और दामाद अपने बच्चों संग ट्रेन से जतुली गांव जा रहे थे। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शाम 7.55 बजे गंगा सतलुज एक्सप्रेस में उसकी बेटी तो ट्रेन में चढ़ गई, लेकिन भीड़ के कारण उसका पति श्याम बाबू व बच्चे छूट गए। रात 10 बजकर 16 मिनट पर अंबाला पहुंचने के बाद उसकी बेटी ने एक मोबाइल नंबर से फोन किया कि मुझे सुबह हरदोई स्टेशन से ले जाना। इसके बाद उसी नंबर से एक व्यक्ति ने फोन किया कि वो भी हरदोई जा रहा है और वह उसकी पुत्री को सुरक्षित पहुंच देगा। इसके बाद अभी तक बेटी की जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं फोन करने वाला व्यक्ति भी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा। इसके बाद युवती के पिता ने हरदोई रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को सूचना दी और संबंधित मोबाइल नंबर से संपर्क किया, लेकिन वहां से भी कोई सही जवाब नहीं मिला। पिता ने जीआरपी को दी शिकायत में शक जताया है कि उसकी बेटी को या तो अपहरण कर लिया गया है या फिर उसके साथ गलत काम किया गया है।