अंबाला। पुत्रवधू और मायके पक्ष द्वारा ससुराल पक्ष को जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना साहा में शिकायत दर्ज हुई है। इस संबंध में सास ने पुत्रवधू समेत मायके पक्ष के सात लोगों पर केस दर्ज कराया है। सास के आरोप हैं कि उसकी पुत्रवधू मायके वालों के साथ मिलकर उन्हें जान से मारना चाहती है।
इसको लेकर वह कई बार धमकी भी दे चुकी है। शिकायत में यमुनानगर के नया गांव निवासी मैना देवी ने बताया कि वह जैन नगर जगाधरी में रह रही है। उसके बेटे जसबीर की शादी अकबरपुर गांव निवासी रेणुका के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से ही उसकी बहू मायके वालों की बातों पर चलती है। 26 जून को वह अपने पति नरेश कुमार, बेटे जसबीर, कर्मबीर और रिश्तेदार सतीश कुमार के साथ बहू रेणुका को लेने अकबरपुर गए थे। जैसे ही वे रेणुका के घर पहुंचे तो वहां 100 से 150 लोग उपस्थित थे। वहां रेणुका, उसके पिता रामकुमार, मां निर्मला, भाई मुकुल समेत अन्य लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी।