अंबाला छावनी बस स्टैंड के पास टूटी पुलिया के पास से गुजरती बस। संवाद
अंबाला। बस स्टैंड के पास लंबे समय से पुलिया क्षतिग्रस्त है। इस पुलिया के आसपास ही लोग दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जाने वाली बसों का इंतजार करते हैं। इस पुलिया को सही करने के लिए लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रही है, मगर इसको अभी तक दुरुस्त नहीं किया गया।
ऐसे में यात्रियों की रात्रि के समय नाले में गिरने की संभावना बनी हुई है। पुलिया के नीचे नाले में लोग न गिरें, हालांकि इसके लिए सीमेंट के बड़े पत्थर रखे गए हैं, मगर यह व्यवस्था भी आधी-अधूरी है। ऐसे में बसों में सवार होने वाले यात्रियों को हादसे का डर सता रहा है। स्थानीय लोगों की मानें तो पुलिया के नीचे करीब पांच फीट गहरा नाला है जोकि गंदगी से अटा हुआ है। अगर इसमें कोई गिर गया तो उसकी जान आफत में पड़ सकती है।
लोग परेशान
लाल कुर्ती निवासी पूर्व पार्षद नवीन यादव ने बताया कि लगभग दस साल से पुलिया का कोई समाधान नहीं हुआ है। प्रशासन को इस संबंध में जानकारी भी दी जा चुकी है। इसी प्रकार लंबे समय से होलसेल सब्जी मंडी के पास भी पुलिया धंसी हुई है। यह हादसे का कभी भी कारण बन सकती है। स्थानीय निवासी भारत ने बताया कि इस टूटी हुई पुलिया के कारण कई हादसे हो चुके हैं। इसमें यात्री गिर चुके हैं। प्रशासन को इस पुलिया को बंद करा देना चाहिए। इसी प्रकार विजय कुमार ने बताया कि इस टूटी पुलिया के कारण रात के समय और धुंध के मौसम में सबसे ज्यादा खतरा बना रहता है।
पुलिया के संबंध में मौके का मुआयना किया जाएगा और जो भी कमी होगी, उसे दूर किया जाएगा ताकि बस में सवार होने वाले यात्रियाें और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
राजेश कुमार, सचिव, नगर परिषद