अंबाला। ब्राह्मण माजरा में डेयरी कांप्लेक्स के निर्माण के लिए नेशनल हाउसिंग बैंक से 82 करोड़ रुपये लोन की मंजूरी मिल चुकी है। इसके तहत अंबाला छावनी के शहरी क्षेत्र से सभी डेयरियों को ब्राह्मण माजरा में शिफ्ट किया जाएगा। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने सोमवार को यह जानकारी दी। विज अपने आवास पर नगर परिषद अधिकारियों के साथ अंबाला छावनी में चल रहे विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि ब्राह्मण माजरा गांव में डेयरी कांप्लेक्स के निर्माण के लिए बैंक से राशि मंजूर हो चुकी है और आने वाले समय में जल्द नगर परिषद द्वारा इसकी निविदा लगाकर निर्माण प्रक्रिया को प्रारंभ किया जाएगा। ब्राह्मण माजरा में 21 एकड़ में आधुनिक डेयरी कांप्लेक्स का निर्माण कार्य किया जाना है और यहां पर 300 से ज्यादा डेयरियों को शिफ्ट किया जाएगा। डेयरी कांप्लेक्स निर्माण को लेकर नगर परिषद द्वारा पूरा ले-आउट प्लान तैयार कर लिया गया है। यहां पर बड़े व छोटी डेयरियों के आकार के हिसाब से जगह ग्वालों को उपलब्ध कराई जाएगी।
आधुनिक होगा डेयरी कांप्लेक्स
कैबिनेट मंत्री विज ने बताया कि ग्वालों की सुविधाओं को देखते हुए डेयरी कांप्लेक्स को अत्याधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाया जाएगा। यहां पर गोबर गैस प्लांट के अलावा, सोलर सिस्टम, ग्वालों के लिए रेस्ट रूम, वाटर डिस्पोजल, तालाब, चारा काटने की सुविधा, ग्वालों की गायों के हिसाब से छोटे व बड़े आकार के प्लाट, आने-जाने की सुविधा, सोलर एनर्जी सहित अन्य कई सुविधाएं होगी। उन्होंने बताया ग्वाले टांगरी बांध रोड से सीधा ब्राह्मण माजरा पहुंच सकें, इसके लिए टांगरी नदी के ऊपर काजवे का निर्माण भी किया जा रहा है।
इन बिंदुओं पर भी की चर्चा
कैबिनेट मंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान अन्य कई बिंदुओं पर अधिकारियों से चर्चा करते हुए उन्हें दिशा निर्देश दिए। सुभाष पार्क के सौंदर्यीकरण को लेकर उन्होंने रंग-बिरंगे फूल लगाने व आर्नामेंटल प्लांट लगाने के निर्देश दिए। जगाधरी रोड पर बस अड्डे से इंडस्ट्री एरिया तक फैंसी लाइटें लगाने के साथ बीच डिवाइडरों पर पॉम के पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा जगाधरी रोड छावनी के लिए सबसे महत्वपूर्ण रोड है। यहां पर लघु सचिवालय के अलावा बैंक स्क्वेयर, फायर ब्रिगेड कार्यालय, नाइट फूड स्ट्रीट, नगर परिषद कार्यालय, सिविल अस्पताल, सुभाष पार्क आदि महत्वपूर्ण स्थल हैं, इसलिए रोड को और बेहतर बनाया जाए।