अंबाला। रायपुर हरियाणा से अंब अंदौरा मेमू दैनिक ट्रेन (64563) के मार्ग का विस्तार करने से दैनिक यात्री रोजाना देरी से कार्यस्थल पर पहुंच रहे हैं। वीरवार को भी जब ट्रेन समय पर नहीं आई तो दैनिक यात्रियों ने रोष जाहिर करते हुए स्टेशन मास्टर के कक्ष के बाहर हंगामा कर दिया। इसके बाद दैनिक यात्रियों ने प्रदर्शन करते हुए एक शिकायत पत्र भी रेलवे अधिकारियों को सौंपा।
दैनिक यात्री धर्मवीर, ललित व संजीव ने बताया कि पहले यह ट्रेन अंबाला से अंब अंदौरा तक चलती थी। लेकिन अब इसका विस्तार कर दिया गया है। इस कारण यह ट्रेन रोज लेट आती है। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 64563 पहले 7.40 बजे अंबाला छावनी से चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन तक चलती थी। लेकिन अब ट्रेन का संचालन रायपुर हरियाणा स्टेशन तक किया जा रहा है। इस कारण ट्रेन रोजाना अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर 15 से 20 मिनट की देरी से पहुंच रही है।