रेलवे ने छावनी जंक्शन से निकलने वाली श्रीगंगानगर-हरिद्वार इंटरसिटी के 45 दिन बाद पुन: संचालन का फैसला किया है। ट्रेन 1 जुलाई से चलने लगेगी। उक्त जानकारी मंडल वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने दी। उन्होंने बताया कि डीएफसीसीआईएल कार्य की वजह से 8 और 20 जुलाई को रेलवे ब्लॉक भी लिया जाएगा। इस कारण 4 ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। ट्रेन नंबर 04712 श्रीगंगागनर से सुबह 4.20 बजे चलकर 10.25 बजे अंबाला छावनी और दोपहर 1.40 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04711 हरिद्वार से दोपहर 2.20 बजे रवाना होकर शाम 5.55 बजे छावनी जंक्शन और रात 12 बजे श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
पिलखनी से साहनेवाल रेलवे स्टेशन पर चल रहे डीएफसीसीआईएल कार्य के चलते अंबाला-सहारनपुर सेक्शन पर 8 और 20 जुलाई को 7.45 घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। ब्लॉक के दौरान मुस्तफाबाद और दराजपुर रेलवे स्टेशन के मध्य अप और डाउन लाइन पर ओएचई केबल काटकर दोबारा जोड़ने का काम किया जाएगा। पहला ब्लॉक 8 जुलाई को सुबह 7.30 बजे से दोपहर 3.15 बजे तक और दूसरा ब्लॉक 20 जुलाई को सुबह 8.50 बजे से शाम 4.35 बजे तक लिया जाएगा। कार्य के दौरान ट्रेन नंबर 02358 अमृतसर-कोरबा स्पेशल ट्रेन 8 जुलाई को सहारनपुर रूट के बजाय अंबाला-पानीपत-दिल्ली के रास्ते मुरादाबाद जाएगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04673 जयनगर-अमृतसर 19 जुलाई को मुरादाबाद से दिल्ली-पानीपत के रास्ते अंबाला आएगी। ट्रेन नंबर 05011 लखनऊ-चंडीगढ़ 19 जुलाई को सहारनपुर स्टेशन पर रद्द रहेगी। इस कारण ट्रेन नंबर 05012 चंडीगढ़-लखनऊ का संचालन भी सहारनपुर रेलवे स्टेशन से होगा। ट्रेन सहारनपुर से चंडीगढ़ के बीच दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी।