संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बर्फानी बाबा के दर्शन के लिए 29 जून से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा को लेकर सोमवार से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। पहले ही दिन भक्तों का ऐसा रुझान देखने को मिला कि छावनी के जेएंडके बैंक में फार्म लेने व नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाने के लिए भक्तों की कतारें लग गई।
पहले दिन बैंक में करीब 100 लोग रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए अपना मेडिकल फिटनेस प्रमाण लेकर पहुंचे लेकिन कुछ में कमियां पाई जाने के कारण उन्हें दोबारा भेजा गया। पहले दिन बैंक में करीब 40 लोगों का रजिस्ट्रेशन हुआ। सुबह बैंक खुलते ही भक्तों पहुंच गए थे। सभी भक्तों में यात्रा के शुरू होते ही पहले जत्थे में शामिल होने का जोश था। बैंक में जहां अतिरिक्त स्टाफ भक्तों के लिए लगाया था वहीं सिक्योरिटी गार्ड की मदद से भक्तों को उनकी बारी के अनुसार भेजा जा रहा था।
उधर, मेडिकल करवाने के बाद यात्रा कार्ड से पहले भक्त को आधार कार्ड दिखाते हुए अंगूठा लगाना होगा। जेएंडके बैंक अनिल ने बताया अमरनाथ यात्रा को लेकर रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। पहले दिन 40 भक्तों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। कुछ के फार्म में कमियां थी तो उन्हें दूर करने के लिए बोला है ताकि वह जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन करवा सके।
भक्त ऑन और ऑफलाइन दोनों तरह से रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए श्राइन बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर लॉग इन कर सकते हैं। मोबाइल एप्लिकेशन से रजिस्ट्रेशन करना चाहते हैं। इसके लिए श्री अमरनाथ जी यात्रा एप डाउनलोड करना होगा। वहीं, पंजाब नेशनल बैंक, एसबीआई, यस बैंक और जम्मू-कश्मीर बैंक से ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
नागरिक अस्पतालों में बने हेल्प डेस्क
अमरनाथ यात्रा से पहले होने वाले मेडिकल फिटनेस को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी कमर कस ली है। नागरिक अस्पतालों में बाकायदा भक्तों को जानकारी देने के लिए हेल्प डेस्क बने हैं और संबंधित विशेषज्ञों को भी निर्देश दिए है कि वो मरीजों के साथ-साथ उन्हें भी प्राथमिकता दें ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रा के लिए जा सके। मेडिकल में ईसीजी, बीपी की जांच और डाॅक्टरों द्वारा फिटनेस की जा रही है। छावनी नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. लोकवीर सिंह ने बताया कि अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की पहले जांच की जाएगी। भक्तों के लिए अस्पताल परिसर में हेल्प डेस्क बनाया गया है। उन्होंने बताया कि भक्त मौसम के अनुसार ही कपड़े लेकर जाए और समय- समय पर पानी पीते रहे।
23वीं बार करेंगे दर्शन
यह उनकी 23वीं यात्रा है। हर साल वह अपनी साथियों के साथ यात्रा पर जा रहा हूं। कुछ नए है तो कुछ पुराने साथी है। वह पहले ही जत्थे में यात्रा करता आ रहा हूं और इस बार भी उसके लिए ही पहले दिन रजिस्ट्रेशन करवाया है। - दविंद्र कुमार।
मन को मिलती है शांति
अमरनाथ यात्रा पर दूसरी बार जा रहा हूं। रजिस्ट्रेशन के साथ ही यात्रा पर जाने की तैयारी शुरू हो जाती है। चाहे वह पैदल चलने की हो या फिर खानपान की। बर्फानी बाबा के दर्शन करने पर मन जो शांति मिलती है वो कहीं नहीं मिलती। - विनोद सहगल।
सपना होगा पूरा
लंबे समय से यात्रा पर जाने के लिए इंतजार कर रहा था लेकिन अबकी बार यह सपना पूरा होगा। रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद यात्रा पर जाने के लिए पहले से ही तैयारी शुरू कर दूंगा। रोजाना पैदल व दौड़ लगाने के साथ-साथ व्यायाम भी करूंगा। - अनिल कुमार।