मलेशिया भेजने के नाम पर दस लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को अदालत से एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। चार लोगों के साथ की गई इस धोखाधड़ी का मामला विगत जून में दर्ज किया गया था।
तेजपाल निवासी तंदवाल द्वारा दर्ज करवाए गए मामले में आरोप था कि संगरूर निवासी मनिंद्र, रविंद्र, मंजू शाह व निर्मल ने उसके पुत्र ललित तथा तीन अन्य गांव वासी युवकों को मलेशिया भेजने के नाम पर दस लाख रुपये ठग लिए। इन लोगों ने न तो उसे मलेशिया ही भेजा व न ही पैसे व कागजात लौटाए। आखिरकार ठगे गए लोगों ने संगरूर वासी उपरोक्त चारों लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को तो पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मनिंद्र सिंह को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।