अंबाला में सैन्य क्षेत्र स्थित खड्गा स्टेडियम में ग्रुप डी की परीक्षा के दौरान नकल के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान जींद के खेड़ी भुल्ला निवासी सुशील व बराखुर्द गांव निवासी अजीत सिंह के रूप में हुई है। यह आरोपी बाहर से परीक्षा में बैठे परीक्षार्थियों को डिवाइस के जरिये नकल करवा रहे थे। कोर्ट में पेश करने के बाद सुशील को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया व अजीत सिंह को न्यायिक हिरासत भेजा दिया।
इस मामले में पुलिस ने 17 आरोपियों को काबू किया था। इनमें से नौ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और बाकी रिमांड पर चल रहे हैं। तोपखाना पुलिस को दी शिकायत में सूबेदार अखिलेश्वर कुमार ने बताया था कि 21 दिसंबर को सुबह साढ़े 10 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक ग्रुप कमांड लेवल के लिए डिफेंस सिविल की भर्ती सैन्य क्षेत्र स्थित खड्गा स्टेडियम में चल रही थी।
वह परीक्षा के दौरान बतौर निरीक्षक सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान देखा कि रोल नंबर-6256 चौब सिंह मोबाइल से किसी से बात कर रहा था। जांच के दौरान पाया गया कि एक कैंडिडेट किसी से बात करके पेपर पूरा कर रहा था। इसके बाद टीम ने सभी परीक्षार्थियों की तलाशी ली तो 16 अन्य ओर भी नकल करते हुए पकड़े गए और उनके मोबाइल, स्पीकर, हेडफोन, ब्लूटूथ आदि बरामद हुए।