शनिवार सुबह जगाधरी रोड स्थित गीता गोपाल चौक पर नशे में धुत व्यक्ति ने स्ट्रीट लाइट के खंभे पर चढ़कर करीब दो घंटे तक हंगामा किया। व्यक्ति राहगीरों से गाली गलौच करता रहा। ऐसे में जगाधरी हाइवे पर राहगीरों का जमावड़ा लग गया और हाइवे का यातायात प्रभावित हो गया। उधर, राहगीरों से मामले की सूचना पाकर इलाका पुलिस ने मौके का मुआयना किया और स्ट्रीट लाइट के खंभे पर चढ़े व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया। लेकिन व्यक्ति नहीं माना और जमकर हंगामा करता रहा। ऐसे में मौके पर मौजूदा राहगीरों ने भी पैसे व खाने के सामान का लालच देकर व्यक्ति को उतारने के लिए जीतोड़ प्रयास किया। परंतु व्यक्ति ने किसी की कोई बात नहीं मानी और राहगीरों से गाली गलौच करता रहा।दूसरी ओर, पुलिस ने दमकल विभाग के कर्मचारियों को मामले की सूचना दी और दमकल कर्मचारियों ने सीढ़ी का इस्तेमाल कर व्यक्ति को करीबन आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नीचे उतारा और इलाका पुलिस को सौंप दिया। उसके बाद पुलिस की टीम ने यातायात को सूचारू करवाया और नशेड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शनिवार सुबह को ही नशेड़ी चौक पर बने खंभे पर चढ़ गया था और हंगामा करना शुरू कर दिया था।