अंबाला कैंट। बुधवार सुबह नशे की हालत में मिले डाक्टर को स्वास्थ्य विभाग ने रिलीव कर दिया है। इस संबंध में जहां पुलिस को परिजनों ने शिकायत दी थी, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भी कार्रवाई की थी। बुधवार सुबह परिजन एक युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे थे, जिसकी हालत काफी गंभीर थी। कैंट सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने नशे की हालत में युवक को मृत घोषित कर दिया था, जबकि बाद में परिजनों ने वार्ड पार्षद सुरेंद्र बिंद्रा को भी अस्पताल में बुला लिया। इस दौरान पार्षद ने डीसीपी सुरेश कौशिक को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचे और डॉक्टर का मेडिकल कराया। इस मामले की जानकारी सीएमओ को भी दी गई, जिस पर सीएमओ डॉ. विनोद गुप्ता ने रिपोर्ट बनाकर डीजी हेल्थ को सौंप दी थी। सीएमओ डॉ. विनोद गुप्ता ने बताया कि फिलहाल डॉक्टर को ड्यूटी से रिलीव कर दिया गया है। डॉक्टर को कहा गया है कि वे डीजी हेल्थ के पास रिपोर्ट करें।