मुलाना। डुलियाना गांव के रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा गांव की गलियों व नालेके निर्माण की गुणवत्ता में भ्रष्टाचार की शिकायत के आधार पर पंचकुला से स्टेट विजिलेंस टीम शुक्रवार सुबह डुलियाना गांव में विवादित गली व नाले के सैंपल लेने पहुंची। टीम में कार्यकारी अभियंता सुरेश सैनी, इंस्पेक्टर राम दत्त अंबाला, पंचायत सचिव नेत्रपाल राणा, ग्राम सरपंच व अन्य अधिकारियों की मौजुदगी में गलियों से सैंपल लिए गये। शिव कुमार वासी डुलियाना ने लगभग एक साल पहले आरटीआई के तहत 2005 से 2015 तक गांव में हुए निर्माण कार्यों की जानकारी मांगी थी। शिव कुमार ने बजाया कि उसे आधी अधूरी जानकारी दी गई। जिसके बाद उसने कई प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत पत्र भेजे। परंतु वहां से भी कुछ हासिल न हुआ। अंत में उच्च न्यायालय में फरियाद की कि गांव की गलियों व नाले के निर्माण में धांधली हुई है। उच्च न्यायलय के आदेश पर विजिलेंस की टीम ने गांव में निर्माण कार्य के सैंपल लिए। कार्यकारी अभियंता सुरेश सैनी ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार हमने संबंधित गली व नाले की निर्माण सामग्री के सैंपल ले लिए है। बाकी रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकता है। पूर्व सरपंच ने कहा कि वह निष्पक्ष जांच के लिए तैयार है। उन्होंने हर कार्य को पूरी ईमानदारी से किया है। गांव के कुछ लोग उनके खिलाफ साजिश रच रहे है ।