घायल कारोबारी के बयान दर्ज करती पुलिस।
- फोटो : संवाद
हरियाणा के अंबाला में फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात हुई है। बदमाशों ने एक कारोबारी से लूट की घटना को अंजाम दिया। शातिरों ने चाकू से हमला कर लाखों रुपये की लूट की है। अंबाला के महेश नगर स्थित प्रीत नगर में बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने कोल्ड ड्रिंक डिस्ट्रीब्यूटर व उसके बेटे की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर लूटपाट की। घटना रविवार रात की है।
रविवार रात को निर्मल विहार निवासी कारोबारी पिता संजीव त्रेहन (49) और उनका बेटा रौनक अलग-अलग स्कूटी पर अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें आगे-पीछे से घेर लिया। चाकू के साथ आए बदमाशों ने पहले तो दोनों की आंखों पर लाल मिर्च पाउडर फेंका। विरोध करते हुए शोर मचाया तो हमलावरों ने कारोबारी संजीव त्रेहन पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पिता-पुत्र ने शोर मचाते हुए किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छुट कर और वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
बदमाशों ने कारोबारी की स्कूटी में रखी करीब 3 से 4 लाख रुपये की राशि लूट ली और फरार हो गए। घायल संजीव को अंबाला कैंट नागरिक अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया था। उनके बेटे रौनक के भी छाती में चोट आई है। महेश नगर थाना पुलिस ने कारोबारी के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह वारदात इलाके के सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज कब्जे में लेने के बाद जांच शुरू कर दी।